सीएचसी में डीएम का औचक निरीक्षण, फार्मासिस्ट को नोटिस


अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिलने पर दोबारा जांच के आदेश, मेडिकल स्टोर संचालकों से जवाब तलब
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को बदलापुर तहसील और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अचानक डीएम के पहुंचने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा वितरण, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
सीएचसी की फार्मेसी के निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट द्वारा दायित्वों के समुचित निर्वहन में लापरवाही की जानकारी मिलने पर डीएम ने स्पष्टीकरण/शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को आवश्यक दवाएं समय से मिलनी चाहिए और दवा वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस की जांच
डीएम ने सीएचसी के बाहर संचालित मेडिकल स्टोरों का भी निरीक्षण किया। कुछ संचालकों द्वारा लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवेदन करने के बावजूद आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं कराने की बात सामने आई। इस पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिलने पर उठे सवाल
औचक निरीक्षण के दौरान एक अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिला। डीएम के पहुंचने पर सेंटर का तकनीशियन शटर बंद कर मौके से चला गया। संबंधित चिकित्सक के बारे में पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि वह बाहर गए हैं। इस पर डीएम ने सवाल उठाया कि चिकित्सक की गैरमौजूदगी में अल्ट्रासाउंड जांच किस प्रकार संचालित की जा रही है।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर डीएम ने सेंटर की दोबारा जांच कराने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार सेंटर को सील करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
नागरिकों ने रखीं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित कई शिकायतें जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा जांच और उपचार की सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा।
पुराने वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
सीएचसी के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बदलापुर तहसील परिसर और कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने एवं लंबित वादों की समीक्षा करते हुए नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने की हिदायत दी। इस दौरान डीएम ने अधिवक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और कार्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights