17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई

जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी गोरख उर्फ गौरव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विवेचना के दौरान मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को किशोरी की मां ने जलालपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 11 अगस्त को गांव निवासी गोरख उर्फ गौरव उनकी 17 वर्षीय पुत्री को त्रिलोचन बाजार से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 64(1) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गोरख उर्फ गौरव पुत्र कैलाश, निवासी ककोरी, थाना जलालपुर को 12 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष है और उसके खिलाफ जलालपुर थाने में पहले से भी पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक चिन्ता राय और कांस्टेबल शशांक कुमार शामिल रहे।