बिजली कनेक्शन के लिए 12 हजार रुपये रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर और लाइनमैन गिरफ्तार


जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के कटंगी में लोकायुक्त पुलिस ने बिजली कनेक्शन के एवज में 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर और लाइनमैन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पर किसान से स्थायी बिजली कनेक्शन देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, जमुनिया गांव निवासी मुकेश कुमार यादव ने कृषि भूमि पर मोटर चलाने के लिए 3 एचपी का स्थायी बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि कनेक्शन देने के एवज में जूनियर इंजीनियर मनोज कुमार दुबे और लाइनमैन धनेश कुमार शुक्ला ने किसान से 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी 12 हजार रुपये लेने पर तैयार हो गए। इसके बाद जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाकर दोनों को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
कार्रवाई में डीएसपी नीतू त्रिपाठी, टीएलओ निरीक्षक शशि कला मुस्कुले, निरीक्षक जितेंद्र यादव समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। लोकायुक्त अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त से करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights