कलेक्ट्रेट में जमीन कब्जे को लेकर हंगामा, तीन लोगों ने किया आत्मदाह का प्रयास


जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार दोपहर जमीन कब्जे के विवाद को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग जमीन पर कथित कब्जे की शिकायत को लेकर लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर तीनों ने बुधवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ स्थिति को संभाला। तीनों को तत्काल कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।
आत्मदाह के प्रयास की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने जमीन संबंधी विवाद और परिवार की शिकायतों की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights