बारिश में कच्चा मकान गिरा, मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत

जौनपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के राजापुर सहावै गांव में बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद मां-बेटी मलबे में दब गईं।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मां-बेटी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच के साथ आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।