पुलिस ड्यूटी के बीच पढ़ाई कर रचा इतिहास, शुभम कुमार बने ग्राम पंचायत अधिकारी

जौनपुर। सिंगरामऊ थाने में तैनात आरक्षी शुभम कुमार ने पुलिस की व्यस्त ड्यूटी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर ग्राम पंचायत अधिकारी (VPO) के पद पर चयन हासिल किया है। उनकी सफलता से पुलिस विभाग, सहकर्मियों और परिजनों में खुशी का माहौल है।
सिंगरामऊ पुलिस की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शुभम कुमार ने पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए नियमित रूप से पढ़ाई के लिए समय निकाला। ड्यूटी की व्यस्तता और अन्य जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी और आखिरकार अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया।
शुभम कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों के आशीर्वाद और उच्चाधिकारियों से मिली प्रेरणा को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस सेवा के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन उन्होंने नियमित अध्ययन और निरंतर प्रयास जारी रखा।
साथी पुलिसकर्मियों ने उनकी सफलता को मेहनत, अनुशासन और अध्ययन के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। सिंगरामऊ पुलिस के अनुसार, शुभम कुमार की उपलब्धि अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर चयन होने पर प्रभारी निरीक्षक सिंगरामऊ और थाना स्टाफ ने शुभम कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।