जौनपुर में भीषण हादसा: बस और स्कूल वैन की आमने-सामने टक्कर, कई बच्चे घायल
जौनपुर। मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर में गुरुवार को बस और स्कूल वैन की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल वैन में सवार कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल वैन सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। परिजन बच्चों को लेकर सुजानगंज, मुंगरा बादशाहपुर, जौनपुर और प्रयागराज के अस्पतालों की ओर रवाना हुए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का हालचाल लिया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।