ओवरलोडिंग से ग्रामीण मार्ग बाधित, सड़क धंसने से आवागमन प्रभावित

मिर्जापुर। नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम सभा भोरमार माफी के मुख्य मार्ग पर ओवरलोडिंग लदी भस्सी से भरे ट्रैक्टर के कारण आवागमन बाधित हो गया। बताया जा रहा है कि लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर ओवरलोडिंग वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे थे। अब सड़क धंसने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य मार्ग पर ओवरलोडिंग ट्रैक्टर के आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क के किनारे की पटरियां भी कई स्थानों पर काट दिए जाने से मार्ग की चौड़ाई कम हो गई है। वर्तमान में स्थिति यह है कि बड़ी गाड़ियों का गांव में प्रवेश करना और बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, भोरमार माफी गांव में भस्सी मंगाई गई थी। वहीं ट्रैक्टर मालिक का कहना है कि उसके मना करने के बावजूद भस्सी मंगाई गई, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई।
ओवरलोडिंग वाहनों के लगातार संचालन से जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, वहीं हादसे का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेकर ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई और मार्ग को सुचारु कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि परिवहन विभाग और जिम्मेदार अधिकारी ओवरलोडिंग के खिलाफ कब कार्रवाई करेंगे?