लखनऊ में बैंककर्मी ने पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या, फिर खुदकुशी

लखनऊ। गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर सनसनीखेज वारदात सामने आई। एसबीआई में कार्यरत बताए जा रहे मानस बाजपेई ने कथित तौर पर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को गोमतीनगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के बाहर गोली मार दी। दिव्या बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर/असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद मानस हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने घर पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर अपनी बहन को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में तीन लोगों की मौत हुई है।
तलाक को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मानस और दिव्या के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दिव्या ने करीब एक साल पहले पति से तलाक के लिए अदालत में याचिका दायर की थी। पुलिस इस विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
हत्या से पहले WhatsApp स्टेटस लगाने का दावा
रिपोर्टों के अनुसार, पत्नी की हत्या के बाद मानस ने WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया था, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और बहन को भी मारने की बात लिखी थी। पुलिस इस स्टेटस और मोबाइल फोन को जांच का हिस्सा बना रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले हथियारों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।