iPhone की ज़िद में बेटे ने उठाया खौफनाक कदम, बचाने पहुंचे पिता भी गिरे; मां ने भी लगाई छलांग, तीनों की मौत


छत्रपति संभाजीनगर, महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 19 वर्षीय युवक कुणाल चांदगुडे ने कथित तौर पर मोबाइल फोन खरीदने को लेकर अपने पिता से विवाद के बाद खदान के किनारे पहाड़ी से कूदने की धमकी दी। करीब तीन घंटे तक पुलिस, फायर ब्रिगेड, ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला दुखद हादसे में बदल गया।
बताया जा रहा है कि कुणाल iPhone खरीदने की मांग कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पिता मुरलीधर उसके लिए महंगा फोन खरीदने में असमर्थ थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। नाराज कुणाल खदान के पास पहाड़ी पर पहुंच गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा।
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। परिजन और ग्रामीण भी उसे समझाने में जुट गए। करीब तीन घंटे तक उसे मनाने की कोशिश की गई।
दोपहर करीब एक बजे पिता मुरलीधर बेटे को बचाने के लिए उसकी ओर बढ़े। इसी दौरान कुणाल ने कथित तौर पर छलांग लगा दी। बेटे को बचाने की कोशिश में पिता का संतुलन बिगड़ गया और वह भी नीचे जा गिरे।
पति और बेटे को नीचे गिरता देख मां संगीता भी बेहद सदमे में आ गईं और उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। घटना में कुणाल, उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता—तीनों की मौत हो गई।
एक पारिवारिक विवाद और कुछ ही पलों के आवेश ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। यह घटना इस बात की बेहद दर्दनाक याद दिलाती है कि किसी भी तनावपूर्ण स्थिति में जल्दबाजी में उठाया गया कदम कितना भयावह परिणाम दे सकता है। परिवार और समाज के स्तर पर मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों को समय रहते समझना और उनकी मदद करना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights