बारावफात की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आए पिता-पुत्र, मौके पर मौत


वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा में मंगलवार सुबह बारावफात की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे काजीपुर खुर्द, लल्लापुरा निवासी सलीमुद्दीन उर्फ पप्पू (45) अपने 17 वर्षीय पुत्र अनस के साथ घर के सामने बारावफात की सजावट कर रहे थे। इसी दौरान अनस करंट की चपेट में आ गया। पुत्र को बचाने के प्रयास में उसके पिता सलीमुद्दीन भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ तथा लल्लापुरा चौकी प्रभारी शिवम मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights