महाराष्ट्र पहाड़ हादसा: आईफोन नहीं, पारिवारिक विवाद बना वजह? मौसी ने अफवाहों पर जताई नाराजगी

छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कुणाल चांदगुडे और उसके माता-पिता की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती खबरों में दावा किया गया था कि आईफोन को लेकर हुए विवाद के बाद कुणाल पहाड़ी पर पहुंचा था। हालांकि, अब कुणाल की मौसी पल्लवी ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि घटना का मोबाइल फोन से कोई संबंध नहीं था।
पल्लवी ने लोगों से अपील की कि बिना पूरी सच्चाई जाने अफवाहें न फैलाएं। उन्होंने कहा कि लोग घटना की वास्तविकता जाने बिना एक खबर देखकर उसी को आगे बढ़ाने लगते हैं। उनके मुताबिक, कई लोग सच्चाई से ज्यादा लाइक, व्यूज और कमेंट के पीछे भाग रहे हैं, जिससे परिवार का दुख और बढ़ रहा है।
परिवार की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक, कुणाल चाहता था कि उसके माता-पिता साथ रहें और उनके बीच चल रहा विवाद खत्म हो। हालांकि, दोनों के बीच कानूनी रूप से तलाक हुआ था या नहीं, इसकी स्पष्ट पुष्टि सामने नहीं आई है।
वहीं, छत्रपति संभाजीनगर के DCP पंकज अतुलकर के अनुसार, परिवार में पिछले दो-तीन महीनों से विवाद और तनाव चल रहा था। पुलिस मामले की पृष्ठभूमि और पारिवारिक विवाद समेत अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटनाक्रम के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि शुरुआती अपुष्ट दावों को तथ्य मानकर प्रसारित करने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार क्यों नहीं किया गया। फिलहाल परिवार के बयान और पुलिस जांच के आधार पर आईफोन को घटना की वजह मानना पुष्ट तथ्य नहीं है।