बिहार से लखनऊ तक सड़कों पर छात्र, भर्ती और परीक्षा की मांगों को लेकर प्रदर्शन
पटना/लखनऊ। छात्रों और अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर मंगलवार को बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश तक प्रदर्शन देखने को मिला। पटना में छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राजभवन की ओर मार्च करने निकले, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की की स्थिति भी बनी।
पटना में 70वीं BPSC परीक्षा समेत भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गांधी मैदान से राजभवन की ओर बढ़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और स्थिति बिगड़ने पर वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।
वहीं लखनऊ में भी UPSSSC अभ्यर्थियों का प्रदर्शन हुआ। बड़ी संख्या में छात्र उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पहुंचे और भर्ती से जुड़ी अपनी मांगें उठाईं। अभ्यर्थी लाइब्रेरियन समेत रिक्त पदों पर भर्ती और लंबित वेटिंग लिस्ट जारी करने की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन की सूचना पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने UPSSSC के चेयरमैन से बात कर मामले में जल्द समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद लखनऊ में प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
एक ही दिन बिहार और उत्तर प्रदेश में छात्रों के सड़कों पर उतरने से भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।