मूसलाधार बारिश से जलमग्न हुई काशी, BHU अस्पताल तक घुटनों से ऊपर पानी


वाराणसी। सावन के अंतिम चरण में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया। सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश से काशी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कों से लेकर प्रमुख मार्गों और अस्पताल परिसरों तक चारों तरफ पानी ही पानी नजर आया। बारिश से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं जलभराव ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
कैंट, कामच्छा, सिगरा, भोजूबीर समेत शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला। पंडित मदन मोहन मालवीय की नगरी स्थित बीएचयू परिसर में भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया। बीएचयू के मुख्य द्वार से लेकर अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग पर पानी भर गया।
अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को घुटनों से ऊपर तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा। कई मरीजों को व्हीलचेयर पर बैठकर पानी कम होने का इंतजार करते देखा गया। जलभराव के कारण मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर में जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु करने के लिए नगर निगम के कर्मचारी और टीमें मौके पर लगाई गईं। कई स्थानों पर पानी निकालने का काम जारी रहा। लगातार बारिश के कारण लोगों को जलभराव से राहत मिलने में परेशानी हुई।
काशी में एक बार फिर हुई भारी बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights