तीन असलहा तस्कर गिरफ्तार, 5 पिस्टल और 7 तमंचे बरामद

जौनपुर। थाना मछलीशहर पुलिस और स्वाट टीम ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच देशी पिस्टल, सात अवैध तमंचे और दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर ताजुद्दीनपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से बड़ी संख्या में अवैध असलहे बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों के अंतरजनपदीय असलहा तस्करी गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र के ढोकरी गांव निवासी शिव प्रकाश मिश्रा, मनकामेश्वर मिश्रा तथा खोजापुर निवासी प्रियांशु शुक्ला के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी अपने गृह जनपद से अवैध असलहे लाकर जौनपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर समेत आसपास के जिलों में उनकी तस्करी करते थे। पुलिस अब असलहों की सप्लाई के स्रोत और इन्हें खरीदने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य सरगना सुनील दूबे निवासी हरसड़, थाना हलिया, मिर्जापुर बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपी मनकामेश्वर मिश्रा के खिलाफ मिर्जापुर के कछवा थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है।