डोभी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के डोभी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 72 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पोखरा गांव निवासी रामदेव यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रामदेव यादव मंगलवार रात घर से निकले थे। रात में उनके वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे। बुधवार सुबह डोभी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिलने की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रामदेव यादव के रूप में की।
परिजनों के अनुसार, पिछले करीब दस दिनों से रामदेव यादव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत की बात सामने आ रही है। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, घटना की सूचना स्टेशन मास्टर ने परिजनों को दी थी।
सूचना मिलने पर चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त के बाद जीआरपी पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वृद्ध की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।