सस्ते सोने का झांसा देकर व्यापारी से ₹3 लाख की लूट, लापरवाही पर 5 पुलिसकर्मी निलंबित

जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र में सस्ते दाम पर सोना दिलाने का झांसा देकर व्यापारी से तीन लाख रुपये लूटने के मामले में वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने बड़ी कार्रवाई की है। पीड़ित की शिकायत पर समय से मुकदमा दर्ज न करने और कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर जलालपुर थाने के पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को शकरमंडी निवासी आकाश सेठ को अज्ञात नंबर से सस्ते दाम पर सोना दिलाने का लालच दिया गया। झांसे में आए आकाश अपने मित्र सौरभ प्रताप के साथ तीन लाख रुपये लेकर जलालपुर क्षेत्र के इजरी गांव पहुंचे। आरोप है कि वहां अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह, इन्द्रजीत सरोज और विशाल सिंह ने दोनों के साथ मारपीट कर तीन लाख रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर डीआईजी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। रेंज कंट्रोल से फीडबैक लेने पर सामने आया कि पीड़ित की तहरीर पर समय से मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी नहीं हुई। जांच में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद 26 अगस्त को जलालपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026 दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह और इन्द्रजीत सरोज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई तीन लाख रुपये की नकदी और पीड़ित की कार बरामद की गई। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
इन पांच पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
उप निरीक्षक राम भुवन यादव — हल्का प्रभारी
रिक्रूट कांस्टेबल राज सिंह
रिक्रूट कांस्टेबल शिवा सिंह
हेड मुहर्रिर संतोष मिश्रा
कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र
डीआईजी वैभव कृष्ण ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करते हुए दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।