सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 13 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के संकल्प पर रहेगा जोर
जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी, जनसंपर्क और जनजागरूकता सुनिश्चित की जाए।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगी। इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर टूल किट वितरण तथा प्रमुख विकास परियोजनाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों को भी अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर दीप जलाकर विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के तहत ड्राइंग, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होंगे। इनमें पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी देने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा दीदियों और लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियों को सामने लाने के लिए ‘सेवा की कहानी-डिजिटल एवं रील अभियान’ भी चलाया जाएगा। इसके तहत 60 सेकंड की रील के माध्यम से लाभार्थियों की कहानियां साझा की जाएंगी।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पैदल, साइकिल और बाइक रैलियां शामिल होंगी। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया जाएगा तथा उपस्थित लोगों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ा जाएगा।
‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ के माध्यम से 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री की जन्मभूमि और कर्मभूमि को पवित्र जल के आदान-प्रदान के जरिए जोड़ने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यात्रा मार्ग में चौपाल, जनसंवाद, विकास कार्यों पर आधारित फिल्म तथा एलईडी वाहनों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, शिक्षा सहयोग, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और गौसेवा सहित 25 विभिन्न सेवा कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थलों का कायाकल्प कराने की योजना है।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन और स्वीकृति की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। स्वास्थ्य मेले, दिव्यांग कल्याण शिविर और मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।
अभियान के दौरान मानव समूह रंगोली, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स को नए समाधान विकसित करने का मंच मिलेगा। वहीं 17 अक्टूबर को सुशासन एवं सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ग्राम प्रधानों, सरपंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों का राष्ट्रीय समागम प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय से पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक जनसामान्य को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शुभांशु कटियार, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अम्बष्ठ, परियोजना निदेशक केके पाण्डेय सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights