मेहनत का सम्मान, 240 मेधावी विद्यार्थियों को मिला हौसले का मेडल


जौनपुर। शहर के हिंदी भवन में रविवार को माइनॉरिटी वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में अल्पसंख्यक मेधावी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 240 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक नफीस अहमद ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र में विशेष प्रतिभा होती है। संस्था का उद्देश्य प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सम्मान को मंजिल न समझें, बल्कि सफलता के शिखर तक पहुंचने के लिए निरंतर मेहनत करते रहें। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर ज्ञान और विज्ञान का है, इसलिए विद्यार्थियों को दिनी और दुनियावी दोनों प्रकार की शिक्षा हासिल करनी चाहिए।
मुख्य वक्ता नगर पंचायत मड़ियाहूं की अध्यक्ष रुकसाना कमाल ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों की हौसला अफजाई से उनका उत्साह बढ़ेगा और अन्य छात्र भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने समारोह में बड़ी संख्या में छात्राओं के सम्मानित होने को समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष हफीज शाह ने की। उन्होंने बताया कि माइनॉरिटी वेलफेयर सोसाइटी लगातार दस वर्षों से मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि संस्था से सम्मानित होकर निकलने वाले कई विद्यार्थी आज उच्च पदों पर कार्यरत हैं और अपने परिवार तथा समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।
समारोह में नईम और जइम दोनों भाइयों को भी सम्मानित किया गया। दोनों ने बिना दहेज और बिना बारात के विवाह कर समाज में दहेज प्रथा के खिलाफ सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुई। इसके बाद एक नन्ही बच्ची ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जिससे समारोह का माहौल भावुक और देशप्रेम से ओतप्रोत हो गया।
विशिष्ट अतिथि कमाल फारूकी ने कहा कि संस्था पूरे जिले के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रही है। डॉ. नोमान खान ने विद्यार्थियों से सामाजिक जागरूकता और संवेदनशीलता बनाए रखने की अपील की।
शशांक सिंह रानू ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी हैं, तभी समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। सरदार सतनाम सिंह ने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा ही देश को विकास और तरक्की की राह पर आगे ले जाएगी।
भारतीय स्टेट बैंक की अधिकारी रौनक अफरोज ने कहा कि जब किसी घर की बेटी शिक्षित होती है तो वह दो परिवारों को शिक्षा से जोड़ती है। उन्होंने बेटियों को शिक्षा के समान अवसर दिए जाने पर जोर दिया।
समारोह में शकील अहमद, अबुजर शेख, हाजी एजाज अहमद, हाजी सैय्यद फरोग, हाजी मो. राशिद, शोएब कलाम, बेलाल खान, तौसीफ अहमद, साकिब अहमद, फिरोज अहमद पप्पू, नेयाज ताहिर शेखु एडवोकेट, आमिर, तौसीफ, शहबाज खान, जाफर खान, नदीम अंसारी, आमिर कुरैशी, आदिल जैदी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मेहंदी रजा एडवोकेट ने किया। अंत में संस्था अध्यक्ष हफीज शाह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights