होमगार्डों को गृह जनपद के नजदीक तैनाती और पेंशन की मांग

जौनपुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिला मीडिया एवं सूचना प्रभारी बजरंगी भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर होमगार्ड जवानों को उनके गृह जनपद के नजदीकी ब्लॉक, थानों एवं तहसीलों में तैनाती देने तथा दीर्घकालीन सेवा के बाद पेंशन अथवा सम्मानजनक आर्थिक सुरक्षा की व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनेक होमगार्ड 25 से 30 वर्ष या उससे अधिक समय से कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा में सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद सेवा समाप्ति के बाद उनके भविष्य को लेकर पर्याप्त आर्थिक सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है। वहीं, वरिष्ठ एवं उम्रदराज जवानों को दूर-दराज क्षेत्रों में तैनाती मिलने से उन्हें आर्थिक, शारीरिक और पारिवारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से मांग की कि होमगार्डों को यथासंभव नजदीकी ब्लॉक, थानों एवं तहसीलों में तैनाती दी जाए। लंबे समय से सेवा दे रहे वरिष्ठ जवानों को दूरस्थ तैनाती से राहत देने के साथ ही 25-30 वर्ष या उससे अधिक सेवा पूरी कर चुके जवानों के लिए पेंशन अथवा सम्मानजनक आर्थिक सुरक्षा की ठोस व्यवस्था की जाए।
उन्होंने तैनाती में पारदर्शी नीति लागू करने, अधिकारियों की मनमानी एवं भेदभाव रोकने तथा जवानों की सेवा अवधि और पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैनाती सुनिश्चित करने की भी मांग की है।