जौनपुर की बेटी ने अमेरिका में भरी उड़ान, बनीं पायलट 300 घंटे की सफल फ्लाइंग पूरी कर सामिया फलवा ने हासिल किया पायलट बनने का गौरव, मड़ियाहूं में हुआ भव्य स्वागत


जौनपुर। मड़ियाहूं नगर की बेटी सामिया फलवा ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर पायलट बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में करीब 15 माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद सामिया ने 300 घंटे की सफल फ्लाइंग पूरी की और पायलट बनने का गौरव हासिल किया। उन्हें मड़ियाहूं नगर की पहली महिला पायलट बताया जा रहा है।
पायलट बनकर घर पहुंचीं सामिया का परिजनों, शुभचिंतकों और नगरवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है।
बचपन में देखा सपना, मेहनत से किया पूरा
सामिया ने बताया कि बचपन में माता-पिता के साथ हवाई यात्रा के दौरान महिला पायलटों को विमान उड़ाते देखकर उनके मन में भी पायलट बनने का सपना जागा। इसके बाद उन्होंने विमान उड़ाने को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार मेहनत कर इसे साकार किया।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार को दिया। बताया कि पिता ने हमेशा बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित किया, जबकि मां ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।
लखनऊ से पढ़ाई, दिल्ली में डीजीसीए परीक्षा
सामिया ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा लखनऊ से पूरी की। इसके बाद दिल्ली से डीजीसीए की परीक्षा उत्तीर्ण की। पायलट प्रशिक्षण के लिए उनका चयन अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुआ, जहां करीब 15 माह तक उन्होंने प्रशिक्षण लिया। कठिन प्रशिक्षण और नियमित उड़ान अभ्यास के बाद उन्होंने 300 घंटे की फ्लाइंग पूरी की।
बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
नगर पंचायत अध्यक्ष रुखसाना कमाल फारूकी और कमाल फारूकी की पुत्री सामिया की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने मड़ियाहूं को गौरवान्वित करने के साथ क्षेत्र की बेटियों को भी यह संदेश दिया है कि मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights