पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने 100 टीबी मरीजों को लिया गोद सेवा संकल्प अभियान में पोषण सहयोग का संकल्प, रक्तदान शिविर में 20 यूनिट रक्तदान


जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की अनूठी पहल की गई। विश्वविद्यालय ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण सहयोग उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने 20 यूनिट रक्तदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिन्शू’ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। युवाओं की भागीदारी और सामाजिक सहयोग से टीबी मुक्त भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी। विश्वविद्यालय की ओर से क्षय रोगियों को गोद लेकर पोषण सहयोग देना सराहनीय पहल है।
कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। टीबी उन्मूलन के लिए दवा के साथ पौष्टिक आहार, नियमित उपचार, जागरूकता और सामाजिक सहयोग जरूरी है। इसी उद्देश्य से 100 क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य क्षय रोगियों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि संवेदनशील, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक तैयार करना भी है।
विशिष्ट अतिथि जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल सिंह यादव ने टीबी के लक्षण, उपचार, बचाव और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान क्षय रोगियों को भुना चना, गुड़, मूंगफली, सोयाबीन, बोर्नविटा और मास्क युक्त पोषण सामग्री वितरित की गई।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया। संचालन अभिनव कीर्ति पाण्डेय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकान्त यादव ने किया।
कार्यक्रम में प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. राज कुमार, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. श्याम कन्हैया, डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव, डॉ. पुनीत सिंह, सलिल कुमार यादव, राधेश्याम सिंह ‘मुन्ना’, डॉ. इंद्रेश कुमार, आदित्य जायसवाल, डॉ. उदयभान यादव समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights