शाही पुल से गोमती में कूदी किशोरी का शव 24 घंटे बाद बरामद
ओ
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के शाही पुल से गुरुवार दोपहर गोमती नदी में छलांग लगाने वाली 17 वर्षीय किशोरी का शव करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर जफराबाद क्षेत्र के बसीरपुर गांव में रेलवे पुल के नीचे नदी से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के शकरमंडी मोहल्ला निवासी राकेश कुमार मौर्या की 17 वर्षीय पुत्री परी मौर्या ने गुरुवार को करीब एक बजे शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी थी। किशोरी के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में उसकी तलाश शुरू कराई गई।
काफी प्रयास के बावजूद गुरुवार को किशोरी का पता नहीं चल सका। शुक्रवार दोपहर जफराबाद थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव स्थित रेलवे पुल के नीचे गोमती नदी में किशोरी का शव दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद किशोरी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पुलिस के अनुसार, किशोरी द्वारा नदी में छलांग लगाने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न चर्चाएं भी सामने आ रही हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।