हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित आरोपी गिरफ्तार रोडवेज तिराहे से महिला थाना पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जौनपुर। महिला थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरसठी थाना क्षेत्र के धन्नीपुर गांव निवासी प्रवीण कुमार सिंह (35) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित यमुनानगर कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामा तिवारी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को 19 सितंबर की सुबह करीब 10:20 बजे रोडवेज तिराहे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ महिला थाने में मु.अ.सं. 27/2026 के तहत धारा 85, 115(2), 352, 351(2), 109(1) बीएनएस तथा 3/4 डीपी एक्ट में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामा तिवारी के साथ महिला आरक्षी भानमती, मोना और पम्मी चौरसिया शामिल रहीं।