आजमगढ़ में पूजा के दौरान आधार कार्ड मांगने पर विवाद, फायरिंग में महिला समेत तीन की मौत अहरौला के शंभूपुर गांव की घटना, मृतकों में गृहस्वामी की पत्नी और दो पंडित शामिल बताए जा रहे


आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान आधार कार्ड मांगने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गोली लगने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में गृहस्वामी अरविंद सिंह की पत्नी बबीता और दो पंडित शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें पंडित महेंद्र पाठक का नाम भी सामने आया है।
बताया गया कि मंगलवार शाम अरविंद सिंह के घर पर पूजा चल रही थी। घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे। शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचा। पूजा होते देखकर उसने पंडितों से जानकारी ली और बाद में उनके आधार कार्ड मांगने लगा। इसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने घर में रखी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता समेत दो पंडित घायल हो गए। बाद में तीनों की मौत हो गई। प्रारंभिक सूचना में राइफल से भी गोली चलने की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फायरिंग होते ही पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हथियार समेत फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस घटना के कारणों और फायरिंग की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मृतकों की मौत की आधिकारिक पुष्टि तथा घटना की पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights