दहेज हत्या के मुकदमे में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा विधिक कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर नाभीपुर नहर पुलिया के पास से दबोचा गया आरोपी राकेश यादव

जौनपुर। सिंगरामऊ थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामदुलार यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 131/2026 से संबंधित आरोपी राकेश कुमार यादव पुत्र स्व. रामलखन यादव, निवासी बोधीपट्टी, थाना सिंगरामऊ को नाभीपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित मुकदमे में धारा 85/80(2) बीएनएस तथा 3/4 डीपी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सिंगरामऊ थाने में पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामदुलार यादव, कांस्टेबल रामविलास यादव और कांस्टेबल सत्येंद्र यादव शामिल रहे।