8 हजार की रिश्वत लेते विद्युत विभाग का कार्यकारी सहायक गिरफ्तार कनेक्शन के स्थायी विच्छेद के नाम पर मांगी थी रकम, भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने रंगे हाथ पकड़ा

भदोही। बिजली कनेक्शन के स्थायी विच्छेद के नाम पर कथित रूप से 8 हजार रुपये रिश्वत लेते विद्युत विभाग के कार्यकारी सहायक प्रशांत कुमार सोनी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन मीरजापुर मंडल की टीम ने शुक्रवार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई दोपहर करीब एक बजे की गई।

बताया गया कि प्रशांत कुमार सोनी अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम, भदोही के कार्यालय में कार्यरत था। भदोही नगर निवासी विकास कुमार गुप्ता ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत की थी कि बिजली कनेक्शन के स्थायी विच्छेद से संबंधित कार्य के लिए उनसे 8 हजार रुपये की मांग की जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद शुक्रवार को टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को भदोही कोतवाली ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निरीक्षक अशोक कुमार सिंह के अनुसार, मामले में 23 सितंबर को शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के बाद कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता का बिजली बिल माफ था और कनेक्शन स्थायी रूप से विच्छेद कराने के लिए आरोपी द्वारा रकम मांगे जाने का आरोप था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights