विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर फार्मासिस्टों का सम्मान लायंस क्लब क्षितिज ने किया आयोजन, दवाओं के तर्कसंगत उपयोग और एंटीबायोटिक प्रतिरोध पर दिया जोर

जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर क्षितिज की ओर से शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष कौशल त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर फार्मासिस्टों की स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

क्लब के संस्थापक अध्यक्ष शशांक सिंह रानू ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने दवाओं के तर्कसंगत एवं उचित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को दवाओं की सही मात्रा, सही समय और सही तरीके से सेवन की जानकारी देना फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

पूर्व अध्यक्ष दिलीप सिंह एवं विष्णु सहाय ने कहा कि फार्मासिस्टों को अपने ज्ञान और व्यावसायिक कौशल का उपयोग समाज के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए करना चाहिए। क्लब अध्यक्ष एवं फार्मासिस्ट कौशल त्रिपाठी ने एंटीबायोटिक प्रतिरोध के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं गलत इस्तेमाल भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन सकता है।

इस अवसर पर सम्मानित फार्मासिस्ट अरविन्द सिंह, आशुतोष पाठक, विनय सिंह एवं उपेंद्र सिंह ने कहा कि बदलती स्वास्थ्य आवश्यकताओं के अनुरूप फार्मासिस्टों का ज्ञान, कौशल एवं व्यावसायिक क्षमता के स्तर पर लगातार सशक्त होना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान फार्मासिस्टों को अंगवस्त्रम, मोती की माला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन सचिव हफीज शाह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने किया।

इस मौके पर ऋतू त्रिपाठी, रोशनी, आघाद, कोषाध्यक्ष डॉ. चंदन नाथ गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights