जिला कारागार में गूंजा ‘वंदे मातरम’, गांधी-शास्त्री जयंती पर हुए विविध आयोजन बंदियों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह; नशा मुक्ति को लेकर किया जागरूक

जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला कारागार जौनपुर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारागार के मुख्य द्वार पर सावधान की मुद्रा में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने ध्वजारोहण किया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बंदियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दीप प्रज्ज्वलन के बाद गांधीजी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया गया। कारागार परिसर में स्थापित दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित किए गए।

इस अवसर पर बंदियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जेल अधीक्षक की ओर से नशा उन्मूलन विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें बंदियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के तहत बंदियों के बीच शतरंज, कैरम, खो-खो, वॉलीबॉल और जलेबी दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं महिला बंदियों के बीच मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता कराई गई।

समापन अवसर पर जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने बंदियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सत्य, अहिंसा, अनुशासन और सादगी के मूल्यों को जीवन में उतारने का संदेश दिया। इसके बाद बंदियों को फल वितरित किए गए।

कार्यक्रम में चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार राव, कारापाल अजय कुमार, उप कारापाल सुभाष चन्द्र पाण्डेय एवं नंद किशोर सहित कारागार के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights