यूपी कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की प्रदेश अध्यक्ष पद से छुट्टी, इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी; देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद बने वरिष्ठ उपाध्यक्ष

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। कांग्रेस हाईकमान ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पद से हटा दिया गया है। पार्टी ने अजय राय के कार्यकाल और योगदान की सराहना की है।
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आराधना मिश्रा ‘मोना’ प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक रह चुकी हैं। वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। लंबे समय से सक्रिय राजनीति में रहने वाली आराधना मिश्रा कांग्रेस के महिला नेतृत्व में प्रमुख चेहरों में शामिल रही हैं। प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान के दौरान भी वह पार्टी की प्रमुख महिला नेताओं में नजर आई थीं।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के इस संगठनात्मक बदलाव को बेहद अहम माना जा रहा है। नई नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने महिला, ब्राह्मण, मुस्लिम और पिछड़ा वर्ग समेत अलग-अलग सामाजिक समूहों को संगठन में प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है। अब नई टीम के सामने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने की बड़ी चुनौती होगी।