17 हजार फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आया इंडिगो विमान, लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग विमान के नोज को पहुंचा नुकसान, करीब 150 यात्री सुरक्षित; तकनीकी जांच के चलते उड़ान रोकी गई

लखनऊ। पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम के बीच करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा। हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा दी। विमान में सवार करीब 150 यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E925 ने पटना से दोपहर करीब 3:10 बजे उड़ान भरी थी। खराब मौसम के दौरान विमान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। इसके बाद पायलट ने सावधानी बरतते हुए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर शाम करीब 4:05 बजे सुरक्षित उतार लिया।

लैंडिंग के बाद विमान की तकनीकी जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर क्षतिग्रस्त विमान को आगे की उड़ान के लिए रोक दिया गया। इसी विमान को लखनऊ से अहमदाबाद के लिए 6E6968 के रूप में उड़ान भरनी थी।

यात्रियों की परेशानी को देखते हुए इंडिगो की ओर से वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई। इसके बाद यात्रियों को अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया। बताया गया कि यात्री करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हुए।

वहीं, आकाशीय बिजली की चपेट में आए विमान की तकनीकी टीम द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान के लिए इस्तेमाल किए जाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights