जौनपुर | सामाजिक समरसता का प्रतीक बना 15वां सामूहिक विवाह समारोह, 20 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में खुटहन,


जौनपुर: सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देते हुए भारतीय वैश्य चेतना महासभा के तत्वावधान में खुटहन के ग्राम विकास इंटर कॉलेज मैदान में 15वें सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद साहू ने किया।
इस समारोह में विभिन्न धर्म और जाति के कुल 20 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया, जो सामाजिक सौहार्द और एकता का अनूठा उदाहरण बना।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अरविंद गांधी (राष्ट्रीय अध्यक्ष), पूर्व आईपीएस बबीता साहू, कार्यक्रम अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, पूर्व अपर जिलाधिकारी अमृतलाल साहू, मुख्य वक्ता डॉ. डीसी गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस दौरान वर यात्रा का शुभारंभ पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने किया। दूल्हे सजे-धजे रथों पर सवार होकर बैंड-बाजे के साथ क्षेत्र भ्रमण करते हुए समारोह स्थल पहुंचे, जिसके बाद वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।
अपने संबोधन में धनंजय सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह समाज में समरसता स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। वहीं मुख्य अतिथि अरविंद गांधी ने उपजातियों के बीच आपसी वैवाहिक संबंधों को जातिगत भेदभाव खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए अरविंद गांधी ने मुंगरा बादशाहपुर निवासी आलोक कुमार साहू को संगठन के आईटी एवं सोशल मीडिया सेल का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया।
पूर्व आईपीएस बबीता साहू ने नारी शिक्षा पर जोर दिया, जबकि पूर्व एडीएम अमृतलाल साहू ने एकता को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया। डॉ. डीसी गुप्ता ने वंचित वर्गों के लिए सामूहिक विवाह की महत्ता पर प्रकाश डाला।
समारोह में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भारी उपस्थिति रही। आयोजन समिति ने सभी वर-वधुओं के अभिभावकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार गुप्ता ने किया, जबकि आयोजक महेंद्र प्रसाद साहू ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।