संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का शव मिलने से सनसनी महराजगंज,
जौनपुर: थाना महराजगंज क्षेत्र के कोईरीपुर गांव की दलित बस्ती में सोमवार सुबह एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के पास मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान कमलेश गौतम की पुत्री ब्यूटी के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई और शव को घसीटकर घर के पास फेंका गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ सुजानगंज, सिंगरामऊ और बदलापुर थानों की पुलिस फोर्स तथा क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लि
ए भेज दिया है।
मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।
मृतका के पिता मुंबई में रहते हैं। ब्यूटी चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां सावित्री देवी, चाची सुनीता और छोटे भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के चाचा अवधेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि एक युवक से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी है।