मिर्जापुर: 1 लाख रुपये रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई


मिर्जापुर। बाणसागर नहर निर्माण कार्य का बिल पास कराने के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत मांगने वाले जूनियर इंजीनियर (जेई) को एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सखौरा बाणसागर कॉलोनी स्थित आवास पर की गई।
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज जनपद के करछना निवासी ठेकेदार मिथिलेश को नवंबर 2025 में बाणसागर नहर निर्माण का करीब चार करोड़ रुपये का ठेका मिला था। इसमें तीन करोड़ रुपये का कार्य पूरा हो चुका था, जबकि एक करोड़ का कार्य शेष है। पूर्ण हो चुके कार्य का बिल पास कराने के लिए ठेकेदार के प्रतिनिधि दीपक (निवासी मेजा, प्रयागराज) ने बाणसागर खंड-5 के जेई मुसाफिर सिंह यादव से संपर्क किया।
आरोप है कि जेई ने बिल पास करने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। बिना पैसे के बिल पास न होने से परेशान होकर दीपक ने एंटी करप्शन शाखा मिर्जापुर में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत दीपक केमिकल लगे एक लाख रुपये लेकर जेई के आवास पहुंचा और जैसे ही उसने रुपये जेई को दिए, पहले से घात लगाए टीम ने छापा मारकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार चौरसिया के नेतृत्व में टीम के कई सदस्य शामिल रहे। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। गिरफ्तारी के बाद जेई को देहात कोतवाली लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एंटी करप्शन प्रभारी अनिल कुमार चौरसिया ने बताया कि आरोपी जेई को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights