जौनपुर: दिनदहाड़े हत्या, आरोपी को घेरकर चाकुओं से उतारा मौत के घाट

जौनपुर। जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। सिरकोनी गांव में बदमाशों ने एक युवक को घेरकर चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद हमलावर शव को करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, संघईपुर गांव निवासी आशीष उर्फ चिघडू चौहान पुत्र अरविंद चौहान बंदीपुर गांव के पास स्थित एक शराब ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान एक दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंचे और उसे दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए आशीष सिरकोनी गांव की ओर भागा और कई घरों में शरण लेने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों के खौफ के चलते किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने गांव के एक घर के पीछे बने मड़हे में उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर शव को उठाकर बंदीपुर की ओर ले गए और हाईवे से जुड़ी सड़क पर फेंककर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गजानंद चौबे व उपनिरीक्षक सुजीत ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश जारी है।
ननिहाल में रह रहा था मृतक
आशीष उर्फ चिघडू चौहान पूर्व में हत्या के एक मामले में आरोपी था और वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहा था। वह मड़ियाहूं स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसके बंदीपुर आने की सूचना मिलने के बाद ही हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।