मवाना में कवरेज कर रहे पत्रकार से चौकी प्रभारी की बदसलूकी, मोबाइल छीनकर दी धमकी

मवाना (मेरठ):
मवाना क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कवरेज के दौरान पत्रकार के साथ पुलिस द्वारा बदसलूकी और धमकी देने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 5 बजे मेरठ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर कुछ युवक धूम्रपान कर रहे थे। पेट्रोल पंप कर्मचारियों द्वारा मना करने पर युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छह आरोपियों को पकड़कर मवाना बस स्टैंड पुलिस चौकी ले आई।
इसी दौरान घटना की कवरेज कर रहे पत्रकार के साथ चौकी प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने कथित तौर पर बदसलूकी की। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने पत्रकार का मोबाइल छीन लिया और कवरेज की वीडियो डिलीट करने की कोशिश की।
इतना ही नहीं, पत्रकार की आईडी को फर्जी बताते हुए उसे गंभीर परिणाम भुगतने और “धरती में मिला देने” तक की धमकी दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि आगे से चौकी के आसपास दिखाई देने पर गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दो दिन पूर्व इसी चौकी प्रभारी द्वारा एक अन्य पत्रकार को धमकाने का मामला सामने आया था, जिसकी शिकायत थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस ताजा घटना के बाद पत्रकारों में भारी रोष है। उन्होंने मामले की शिकायत मवाना थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी से की है और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।