शादी में बाधा व जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


जौनपुर, संवाददाता। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तारा में शादी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़िता रीता देवी पत्नी अनिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री मीनू की सगाई आजमगढ़ जनपद के करिया गोपालपुर निवासी अमन कुमार के साथ तय हुई है, जिसकी शादी आगामी 14 जून 2026 को प्रस्तावित है।
पीड़िता के अनुसार, गांव के ही मुकेश कुमार व विजय (पुत्रगण रामबली) तथा रामबली (पुत्र धनई) इस शादी में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। आरोप है कि मुकेश कुमार ने होने वाले दूल्हे अमन कुमार को फोन कर धमकी दी कि यदि उसने शादी की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों से पीड़ित परिवार भयभीत है और बेटी के भविष्य को लेकर चिंतित है।
रीता देवी ने यह भी बताया कि शादी की पूर्व रस्मों—गोद भराई व बर्छा—में करीब 5 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। ऐसे में यदि शादी में कोई व्यवधान उत्पन्न होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपियों की होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गौराबादशाहपुर पुलिस ने 15 अप्रैल 2026 को आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र प्रसाद को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights