नर्मदा नदी में क्रूज हादसा, 4 शव बरामद; कई लापता
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी में एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक क्रूज नाव अचानक पलटकर डूब गई। हादसे के वक्त क्रूज पर करीब 30 लोग सवार बताए जा रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अब तक 4 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य लोग अभी भी लापता हैं। मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। गोताखोरों और स्थानीय प्रशासन की टीमें नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
बताया जा रहा है कि हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें क्रूज को असंतुलित होकर पलटते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, हादसे के सही कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।
प्रशासन ने आशंका जताई है कि क्षमता से अधिक सवारियां या अचानक संतुलन बिगड़ने की वजह से यह दुर्घटना हो सकती है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है।