मोबाइल फोन फटने से डेढ़ साल की बच्ची झुलसी, ओवरचार्जिंग बनी वजह

अलीगढ़। जिले के गभाना क्षेत्र के गांव दौरऊ में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मोबाइल फोन फटने से डेढ़ साल की मासूम बच्ची झुलस गई।
बताया जा रहा है कि बच्ची की मां घर के काम में व्यस्त थी और उसने बच्ची को बहलाने के लिए उसके हाथ में मोबाइल फोन दे दिया था। इसी दौरान अचानक फोन में विस्फोट हो गया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे के पीछे ओवरचार्जिंग को संभावित कारण माना जा रहा है। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और बच्ची को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि मोबाइल फोन को लंबे समय तक चार्जिंग पर लगाकर रखना खतरनाक हो सकता है, खासकर सस्ते या खराब बैटरी वाले उपकरणों में। ऐसे मामलों में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।