श्रीनाथजी मंदिर के पास हथियारों का जखीरा बरामद, 9,228 तलवारें जब्त

राजस्थान / राजसमंद। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर के पास से 9,228 तलवारों का जखीरा बरामद किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई उपली ओडन क्षेत्र में की गई, जहां एक भंगार गोदाम से 9,032 तलवारें जब्त की गईं। मौके से तलवार बनाने और धार देने के उपकरण भी बरामद किए गए। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई भानसोल रोड स्थित एक बाड़े में की गई, जहां वेल्डिंग की आड़ में चल रहे अवैध कारखाने से 196 तलवारें बरामद कर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय सिकलीगर, सोनू सुथार और सिकंदर सिकलीगर शामिल हैं। पुलिस तीनों से अवैध हथियार निर्माण और भंडारण के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।