NEET 2026 परीक्षा रद्द: कोटा के छात्रों में बढ़ी चिंता, CBI करेगी जांच

कोटा। देश की ‘कोचिंग सिटी’ कहे जाने वाले राजस्थान के कोटा में इन दिनों पढ़ाई से ज्यादा NEET 2026 परीक्षा को लेकर चर्चा हो रही है। परीक्षा के बाद राजस्थान के सीकर से उठे कथित ‘पेपर लीक’ और ‘गेस पेपर’ विवाद ने अब कोटा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों की चिंता बढ़ा दी है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा NEET 2026 परीक्षा रद्द करने और मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने के फैसले के बाद छात्रों में मायूसी और नाराजगी देखने को मिल रही है। कई छात्रों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक कठिन मेहनत और मानसिक दबाव के बीच परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन अब दोबारा परीक्षा की संभावना से उन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।
कोटा के हॉस्टलों और कोचिंग संस्थानों में इस फैसले को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि यदि पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं तो यह मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है। वहीं, कई छात्र निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल सभी की नजर CBI जांच और आगे होने वाले फैसलों पर टिकी हुई है।