हिंदू युवती ने लगाया पहचान छिपाकर शोषण का आरोप, 13 साल तक जबरन निकाह और हलाला कराने का दावा


गाजियाबाद/इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली एक 31 वर्षीय महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि एक युवक ने हिंदू नाम बताकर सोशल मीडिया पर उससे दोस्ती की और बाद में उसे उत्तर प्रदेश बुलाकर बंधक बना लिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसके साथ जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और कई बार निकाह तथा हलाला जैसी प्रक्रियाओं से गुजरने के लिए मजबूर किया गया।
महिला का कहना है कि आरोपी युवक ने फेसबुक के माध्यम से खुद को हिंदू बताकर संपर्क किया था। विश्वास में लेने के बाद उसे गाजियाबाद बुलाया गया, जहां कथित तौर पर उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने के लिए दबाव बनाया जाता था।
महिला के मुताबिक, पिछले 13 वर्षों में उसका पांच बार निकाह कराया गया और दो बार हलाला की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। उसने यह भी आरोप लगाया कि एक मौलाना से उसकी शादी कराई गई, जिसने बाद में तीन तलाक दे दिया। इसके बाद अन्य लोगों से भी निकाह कराए गए।
पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights