जिलाधिकारी ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुफ्तीगंज का औचक निरीक्षण

जौनपुर। जिलाधिकारी Samuel Paul N ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुफ्तीगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अनुपस्थित पाए गए।
मेडिकल ऑफिसर द्वारा बताया गया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जनपद मुख्यालय पर बैठक में गए हैं, लेकिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जानकारी लेने पर पता चला कि मुख्यालय पर कोई बैठक आयोजित नहीं थी। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
डीएम ने गलत जानकारी देने पर संबंधित मेडिकल ऑफिसर से स्पष्टीकरण मांगने तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की अनुपस्थिति पर अग्रिम आदेश तक वेतन बाधित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने और मरीजों को समय से भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने टीबी मरीजों से संवाद कर दवा वितरण और उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल के सभी वार्डों और परिसर को स्वच्छ रखा जाए तथा मरीजों के उपचार के लिए समुचित और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।