किशोर के यौन शोषण मामले में युवती समेत पांच पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश

जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 14 वर्षीय किशोर के कथित यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और मानव तस्करी के आरोप में कोर्ट ने युवती समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
मामले में किशोर की मां की ओर से दायर प्रार्थना पत्र पर अपर सत्र न्यायाधीश उमेश कुमार द्वितीय ने खुटहन थानाध्यक्ष को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित किशोर की मां का आरोप है कि बदलापुर निवासी 21 वर्षीय युवती ने इंटरनेट मीडिया के जरिए उसके बेटे से संपर्क किया और उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि युवती ने किशोर के साथ यौन शोषण किया तथा अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवती अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग गिरोह चलाती है, जो भोले-भाले युवकों को फंसाकर धन उगाही और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देता है।
वादिनी के अनुसार 12 मार्च 2026 को युवती ने किशोर को फोन कर खुद के गर्भवती होने का दावा किया और रुपये की मांग की। रुपये न देने पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने तथा पूरे परिवार को बदनाम करने की धमकी दी गई।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि विभिन्न मोबाइल नंबरों से लगातार धमकियां दी गईं। थाना और पुलिस अधीक्षक को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद अदालत की शरण लेनी पड़ी।
अदालत ने मामले को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।