बारातियों पर हमला और छिनैती का प्रयास, दूल्हे के भाई का हाथ टूटा

Jaunpur के केराकत कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात बारात से लौट रहे लोगों पर बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना में दूल्हे के भाई समेत कई लोगों के साथ मारपीट की गई, जिसमें एक युवक का हाथ फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जफराबाद क्षेत्र के सखोई गांव निवासी रुस्तम अली की पुत्री की शादी थी। बारात मुफ्तीगंज क्षेत्र के नयेपुरा गांव से आई थी। भोजन के बाद कुछ बाराती एक चार पहिया वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बेलाव घाट पुल के पास कुछ बदमाशों ने वाहन रुकवा लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए छिनैती का प्रयास किया। विरोध करने पर बारातियों के साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलने पर दूल्हे का भाई अखलाख अपने एक मित्र के साथ मौके पर पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
सूचना मिलते ही Uttar Pradesh Police की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षेत्रीय सीमा का मामला होने के कारण जफराबाद, जलालपुर और केराकत थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर पहले से भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और मामले की जांच जारी है।