वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम साइबर ठगी का शिकार, व्हाट्सएप हैक कर मांगे गए पैसे

देश के वरिष्ठ पत्रकार Ajit Anjum ने खुद साइबर ठगी का शिकार होने की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि उनके परिचित पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी के व्हाट्सएप अकाउंट से पैसे मांगने वाले संदेश आए, जिसे उन्होंने शुरुआत में सही समझकर रकम ट्रांसफर कर दी।
अजीत अंजुम के अनुसार, मैसेज में कहा गया था कि UPI सेवा ब्लॉक है और तत्काल एक QR कोड पर पैसे भेजने की जरूरत है। भरोसे के चलते उन्होंने अपने कैमरामैन के माध्यम से अलग-अलग QR कोड पर कई बार पैसे ट्रांसफर करवा दिए।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें शक नहीं हुआ क्योंकि संदेश उनके परिचित और भरोसेमंद पत्रकार मित्र के व्हाट्सएप से आ रहे थे। हालांकि जब बार-बार एक जैसी रकम मांगी जाने लगी तो उन्हें संदेह हुआ। बाद में फोन पर संपर्क करने पर पता चला कि प्रभाकर मणि तिवारी का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका था और उसी के जरिए कई लोगों से पैसे मांगे जा रहे थे।
अजीत अंजुम ने बताया कि इस साइबर धोखाधड़ी में उन्हें करीब 11 हजार रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी ऑनलाइन पैसे की मांग पर तुरंत भरोसा न करें और पहले फोन कॉल या अन्य माध्यम से पुष्टि जरूर कर लें।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, किसी परिचित के नाम से आए मैसेज, QR कोड या तत्काल पैसे की मांग वाले संदेशों को बिना सत्यापन स्वीकार नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत संबंधित व्यक्ति से सीधे बात करना और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करना जरूरी है।