28 मई की रात बदलेगा मौसम, पश्चिमी यूपी को लू से राहत के संकेत

सहारनपुर। भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 28 मई की रात से सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव ला सकता है।
मौसम विभाग ने सहारनपुर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 29 मई से तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों के अनुसार लगातार पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीच तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। माना जा रहा है कि नौतपा के दौरान मौसम में यह बदलाव लोगों को बड़ी राहत देगा।
पिछले कई दिनों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा था और लू के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। ऐसे में बारिश और ठंडी हवाओं के पूर्वानुमान से लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है।