खेत में जला मिला अधेड़ का शव, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के कान्हापुर गांव में एक अधेड़ व्यक्ति का जला हुआ शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 61 वर्षीय अशोक मिश्रा निवासी चौबान बस्ती, कान्हापुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें जलाकर मौत के घाट उतारा गया। घटना की सूचना मिलते ही तेजीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतक की पत्नी इसरावती मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
तेजीबाजार थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी नारायण और शकुंतला देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।