हल्का लेखपाल व ग्राम प्रधान की मिलीभगत से अवैध कब्जे का आरोप, जिलाधिकारी से लगाई गुहार


जौनपुर। जनपद के केराकत तहसील क्षेत्र अंतर्गत चन्दवक थाना क्षेत्र के ग्राम कसिली की निवासी अनीता राजभर ने अपनी भूमि एवं ग्रामसभा की बंजर भूमि पर अवैध कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार अनीता राजभर ने आरोप लगाया है कि उनके पिता रामदेव के नाम दर्ज भूमि तथा ग्रामसभा की बंजर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से हल्का लेखपाल और ग्राम प्रधान की मिलीभगत से नाप-जोख कर पिलर गाड़कर कब्जा कराया जा रहा है। विरोध करने पर उन्हें धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार मामले की सूचना 1 जून 2026 को डायल 112 पुलिस को दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया था, लेकिन बाद में दोबारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।
अनीता राजभर ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनकी भूमि तथा ग्रामसभा की भूमि पर हो रहे कथित अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामसभा की भूमि एवं उनकी निजी भूमि को नुकसान पहुंच सकता है। मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
फिलहाल मामले में प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights