महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता अभियान के तहत शक्ति मोबाइल ने चलाया जनजागरूकता कार्यक्रम

जौनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शक्ति मोबाइल टीम द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
टीम ने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सोशल मीडिया, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग और साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय भी बताए गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों एवं सुरक्षा संसाधनों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। जागरूकता ही अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। अभियान के दौरान छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।
#MissionShakti5 #नारी_सुरक्षा_सम्मान_स्वावलंबन